श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 अक्टूबर 2026। महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता के बीकानेर जोन के फाइनल में मेजबान श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। सोमवार को महाविद्यालय के खेल मैदान में खेले गए मुकाबले में श्रीडूंगरगढ़ की टीम ने चौधरी भीमसेन राजकीय महाविद्यालय, लूणकरणसर को 27 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय की टीम ने लूणकरणसर के सामने 109 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में उतरी लूणकरणसर की पूरी टीम 82 रन पर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय ने बीकानेर जोन का फाइनल खिताब अपने नाम किया। मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष नारायण कलानी, महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरिशंकर बाहेती, सचिव श्याम महर्षि, उपसचिव रामचंद्र राठी एवं विजय महर्षि अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का अनिवार्य हिस्सा हैं। विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपने कस्बे और गांव का नाम रोशन करना चाहिए। इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष हरिशंकर बाहेती ने विजेता श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय की टीम को 11 हजार रुपये तथा उपविजेता लूणकरणसर की टीम को 7,500 रुपये नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
अब श्रीगंगानगर में खिताब के लिए भिड़ेंगी चारों जोन की विजेता टीमें
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विश्वविद्यालय के ऑब्जर्वर दिलकांत माचरा एवं ज्ञानप्रकाश ने बताया कि बीकानेर जोन का फाइनल जीतने के बाद श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय की टीम 27 अक्टूबर से श्रीगंगानगर में आयोजित होने वाली चारों जोन की विजेता टीमों के मुकाबलों में भाग लेगी। इन मुकाबलों के आधार पर अंतर विश्वविद्यालय टीम का चयन किया जाएगा। खेल प्रभारी मुकेश जांगिड़ के अनुसार 16 सदस्यीय टीम 26 अक्टूबर को श्रीगंगानगर के लिए रवाना होगी। कार्यक्रम की शुरुआत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद सुथार ने अतिथियों का स्वागत किया।
