श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 अक्टूबर 2026। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत “कोई भी पात्र मतदाता न छूटे” थीम पर सोमवार को पंचायत समिति सभागार में श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल ने 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के अधिकाधिक नव मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह चौहान ने कहा कि विशेष अभियान के तहत सभी बीएलओ घर-घर जाकर पात्र नव मतदाताओं की पहचान करें और उनका पंजीकरण करते हुए फॉर्म नंबर-6 भरवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहे। मास्टर ट्रेनर नौरत मल शर्मा ने बताया कि नव मतदाता पंजीकरण में प्रारूप-4 घोषणा पत्र की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। उन्होंने बीएलओ से अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया। बैठक में निर्वाचन शाखा से लीलाराम मीणा और मांगीलाल उपस्थित रहे।