July 26, 2026
WhatsApp Image 2026-07-26 at 14.35.46

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जुलाई 2026। तेरापंथ महिला मंडल, श्रीडूंगरगढ़ के बैनर में शनिवार को महिला मंडल भवन में महिलाओं के लिए “बातों में है जादू” (द आर्ट ऑफ मीनिंगफुल कम्युनिकेशन) विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। शनिवार दोपहर 2 से 4 बजे तक चली कार्यशाला में महिला मंडल की महिलाओं सहित माहेश्वरी समाज की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का आरंभ नवकार मंत्र के सामूहिक उच्चारण से किया गया। वहीं मुख्य वक्ता बैंगलोर की मोटिवेशनल स्पीकर एवं कॉन्फिडेंट पब्लिक स्पीकिंग की नेशनल ट्रेनर खुशी कोठारी ने प्रभावी संवाद की कला पर प्रशिक्षण देते हुए कहा कि व्यक्ति का व्यक्तित्व उसकी संवाद शैली से परिलक्षित होता है। सही समय पर सही शब्दों का चयन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वासपूर्ण अभिव्यक्ति न केवल रिश्तों को मजबूत बनाती है, बल्कि जीवन और कार्यक्षेत्र में सफलता का मार्ग भी प्रशस्त करती है। उन्होंने संवाद को प्रभावी बनाने के व्यावहारिक सूत्र साझा किए तथा विभिन्न गतिविधियों और उदाहरणों के माध्यम से प्रतिभागियों को संवाद कौशल की बारीकियों से अवगत कराया। दो घंटे तक चली कार्यशाला में संवाद आधारित रोचक गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के व्यक्तित्व विकास एवं संवाद कौशल संबंधी कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम के अंत में तेरापंथ महिला मंडल की उपाध्यक्ष मधु झाबक ने सभी का आभार व्यक्त किया तथा मंत्री अंबिका डागा ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।