






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जुलाई 2026। श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में रविवार को विज्ञान संकाय के नवीन कक्षा-कक्षों एवं अत्याधुनिक विज्ञान लैब का लोकार्पण समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। 9 भामाशाहों के सहयोग से करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 6 नवीन कक्षा-कक्षों व हाई-टेक साइंस लैब का उद्घाटन अतिथियों द्वारा किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद सारस्वत ने महाविद्यालय को क्षेत्र का सबसे पुराना सह-शिक्षण संस्थान बताया।विधायक ने कहा कि क्षेत्र के युवा शिक्षा पर ध्यान देवें और क्षेत्र का विकास करें। उन्होंने शिक्षा में संस्कार की जरूरत बताते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की बात कही। विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए दान को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और आधुनिक भारत के निर्माण में उपयोगी बताया। समारोह के मुख्य अतिथि महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित ने यूजीसी की नई शिक्षा नीति पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अव्वल रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने राज्य सरकार की उच्च शिक्षा व कौशल विकास डिप्लोमा योजनाओं की जानकारी दी। वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. उमाकांत गुप्त ने उच्च शिक्षा में गुणवत्ता के महत्व को रेखांकित किया। प्रबंध समिति उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण सोमानी ने आश्वस्त किया कि महाविद्यालय के विकास कार्यों में फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी। भामाशाह देवीप्रसाद मूंधड़ा ने कहा कि धन का सही उपयोग कार्य को मजबूती प्रदान करता है। प्रबंध समिति सचिव श्याम महर्षि ने सभी अतिथियों का आभार जताते हुए बताया कि शैक्षणिक व खेल गतिविधियों में संस्थान लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कॉलेज के संस्थापक सदस्य रहें भामाशाह खेताराम मोहता, प्रशासनिक स्वीकृतियों के लिए दिवंगत डॉ राधाकृष्ण सोनी व समाजसेवी ओमप्रकाश स्वामी के योगदान का स्मरण किया। महर्षि ने जानकारी दी वर्तमान में 850 विद्यार्थी कॉलेज में अध्ययनरत है और कॉलेज लगातार श्रेष्ठ परिणाम दे रहा है। इसी सत्र में कॉलेज के 15 विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय स्तर पर गोल्ड, रजत व ब्रांज मेडल प्राप्त किए है।
वार्षिक परिचायिका का विमोचन, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अतिथियों द्वारा कॉलेज की वार्षिक परिचायिका का विमोचन भी किया गया, जिसमें कॉलेज की उपलब्धियों और भामाशाहों के योगदान को दर्शाया गया है। कार्यक्रम के दौरान खेल और शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रबंध समिति अध्यक्ष हरिशंकर बाहेती ने सभी दानदाताओं का आभार जताया। उपसचिव रामचंद्र राठी ने आभार व्यक्त किया व मंच संचालन रवि पुरोहित व भगवती देवी पारीक ने संयुक्त रूप से किया। अंत में प्राचार्य डॉ. विनोद सुथार ने महाविद्यालय की वार्षिक गतिविधयों से अवगत करवाया। समारोह में भामाशाह श्रीगोपाल राठी (नागपुर), एडवोकेट श्याम सुंदर आर्य, भंवर लाल भोजक, ताराचन्द इंदौरिया, सत्यनारायण मूंधड़ा, सत्यनारायण योगी, महावीर प्रसाद माली, विजय महर्षि, पूर्व नेता प्रतिपक्ष सरस्वती देवी राठी, अंजू पारख, पवन राठी, वसुधा बाहेती, दुर्गा देवी सोनी, संजूदेवी तापड़िया, पायल शर्मा, सत्यदीप, बजरंग शर्मा, मदन सैनी सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को याद किया, किया पौधारोपण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समारोह में कारगिल विजय दिवस पर अमर शहीदों को श्रद्धाजंलि स्वरूप पौधारोपण किया गया। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज दीक्षित, विधायक ताराचंद सारस्वत सहित सभी अतिथियों ने महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया।







