July 26, 2026
WhatsApp Image 2026-07-26 at 18.22.10

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जुलाई 2026। सरकारी विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बींझासर गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों ने प्रेरणादायी पहल की है। पंचमुखी बालाजी हनुमान सागर मंदिर के समीप स्थित विद्यालय में ग्रामीणों एवं शिक्षकों के सहयोग से नए कक्ष का निर्माण कराया जाएगा। रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कक्ष निर्माण का भूमिपूजन संपन्न हुआ। विद्यालय में कार्यरत शिक्षक गौरीशंकर जोशी, हंसराज गोदारा, मीना यादव, सुनीता जाट एवं कृष्णा स्वामी ने आपसी सहयोग से ₹1 लाख 11 हजार की राशि एकत्र कर कक्ष निर्माण में योगदान दिया। इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना की। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर ने भूमिपूजन कार्यक्रम में शिक्षकों की इस अनुकरणीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार ने शिक्षा के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विकास की जिम्मेदारी निभाकर प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने सहयोग करने वाले दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा और विद्यालय का समग्र विकास सुनिश्चित होगा। ग्रामीणों ने भी शिक्षकों की इस पहल की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि जनसहयोग से विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा और बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सकेगा।