July 26, 2026
WhatsApp Image 2026-07-26 at 14.45.40 (2)

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जुलाई 2026। जैन श्वेतांबर तेरापंथ धर्मसंघ के आद्य प्रवर्तक आचार्यश्री भिक्षु का 301वां जन्मोत्सव रविवार को तेरापंथ सेवा केंद्र मालू भवन में साध्वी श्री लक्ष्यप्रभाजी के सान्निध्य में श्रद्धा, साधना एवं आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं के साथ जैनेतर समाज के लोगों ने भी सहभागिता निभाई। प्रातःकाल श्रद्धालु मंगल जुलूस के साथ सेवा केंद्र पहुंचे, जहां 400 से अधिक श्रद्धालुओं ने सामूहिक सामायिक आराधना कर विश्व शांति, सद्भाव और मंगल की कामना की। साध्वीश्री लक्ष्यप्रभा जी ने मंत्र-जाप एवं गीतिका के माध्यम से आचार्य भिक्षु के जीवन-दर्शन, तप, त्याग और अनुशासन की प्रेरणा दी। साध्वीवृंद ने भी गीतिकाओं के माध्यम से आचार्य भिक्षु के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का भावपूर्ण चित्रण प्रस्तुत किया। श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल, तेरापंथ किशोर मंडल, तेरापंथ कन्या मंडल तथा ज्ञानशाला के सदस्यों ने सामूहिक गीतिका प्रस्तुत कर आचार्य भिक्षु के प्रति अपनी श्रद्धा एवं भक्ति अर्पित की। साध्वी पुनीतप्रभा जी की संसारपक्षीय भाभी कस्तूरी जैन ने भी गीतिका के माध्यम से श्रद्धासुमन अर्पित किए। समारोह के दौरान अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद एवं समण संस्कृति संकाय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली सम्यक दर्शन कार्यशाला के बैनर का विमोचन किया गया। तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष विक्रम मालू ने ‘तेरापंथ दर्शन’ पुस्तक के अध्ययन एवं स्वाध्याय का आह्वान करते हुए अधिकाधिक लोगों को कार्यशाला से जुड़ने की प्रेरणा दी। जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित 300 माला जप अभियान को श्रावकों ने उत्साहपूर्वक पूर्ण किया। आयोजन के दौरान लगभग सवा करोड़ से डेढ़ करोड़ मंत्र-जाप संपन्न होने की जानकारी दी गई। माला पत्रक सजावट, सर्वाधिक माला जप तथा आमंत्रण पत्र एवं मुख-वस्त्रिका के लकी ड्रॉ के विजेताओं की घोषणा कर उन्हें सम्मानित किया गया। ज्ञानशाला के बच्चों के लिए भी माला जप एवं सजावट प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार सहयोगी सभा अध्यक्ष सुशीला पुगलिया रही। माला पत्रक सजावट प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स की प्रधान संपादक कपिला स्वामी एवं सीपीएस ट्रेनर खुशी कोठारी ने सेवाएं दीं। पुरस्कारों का आर्थिक सहयोग श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा की अध्यक्ष सुशीला पुगलिया की ओर से प्रदान किया गया। साध्वी श्री लक्ष्यप्रभा जी की प्रेरणा तथा सभी कार्यकर्ताओं के समर्पित सहयोग से कार्यक्रम गरिमापूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में तेरापंथी सभा की अध्यक्ष सुशीला पुगलिया, मंत्री प्रदीप पुगलिया, कोषाध्यक्ष तोलाराम पुगलिया, संगठन मंत्री पांचीलाल सिंघी, सहमंत्री संजय बरड़िया, तेरापंथ युवक परिषद के अध्यक्ष विक्रम मालू, मंत्री पीयूष बोथरा, सहमंत्री सुमित बरड़िया, महिला मंडल की अध्यक्ष मंजू बोथरा, मंत्री अंबिका डागा, उपाध्यक्ष मधु झाबक, संगठन मंत्री मंजू झाबक,  कोषाध्यक्ष सुमन पुगलिया, कन्या मंडल रौनक मालू, मुस्कान मालू, काव्या सिंघी, वंशिका गिया सहित विभिन्न संघीय संस्थाओं के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बड़ी संख्या में श्रावक समाज की उपस्थिति रही, विश्व कल्याण की कामना की।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। साध्वीश्री जी ने दी जीवन-दर्शन, तप, त्याग और अनुशासन की प्रेरणा दी।