श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अक्टूबर 2026। दहेज के लिए विवाहिताओं के साथ प्रताड़ना के आरोप में मामले समाज में कम होने के बजाय लगातार बढ़ रहें है।
क्षेत्र के गांव इंदपालसर हीरावतान निवासी विवाहिता वसुंधरा ने मालासर, रतनगढ़ निवासी अपने पति राजेश कुमार, ससुर मोटाराम मेघवाल, सास रूकमादेवी, जेठ संदीप व ननद के खिलाफ दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने के आरोप लगाए। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 26 मार्च 2026 को आरोपी पति के साथ व बहन पूजा का विवाह उसके जेठ के साथ हुआ। आरोपियों ने पांच लाख नगदी व मोटरसाइकिल नहीं देने के ताने दिए। 21 जुलाई 2026 को वह अपनी बहन के साथ पीहर आई। जब वे लौट कर गई तो आरोपियों ने गहने लौटाने से इंकार कर दिया और दोनों के साथ मारपीट की। 24 सितंबर 2026 को आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की तो उनके परिजनों ने आकर उन्हें छुड़वाया। आरोपियों ने उसे घर से निकाल दिया और 5 अक्टूबर 2026 को सभी आरोपी उसके पीहर आए व पंच पंचायती में बिना दहेज उसे रखने से इंकार कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई राजेंद्र कुमार को दी है।