श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अक्टूबर 2026। खेत में चूहे मारने के लिए जहर डाल कर बनाए हुए भुजिया खा लेने से बीमार एक किसान ने ईलाज के दौरान पांचवे दिन दम तोड़ दिया।
सेरूणा थाना क्षेत्र के गांव राजेडू निवासी सीताराम जाट ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा 48 वर्षीय रामेश्वरलाल पुत्र नानकराम जाट ने अपने खेत की ढाणी में चूहों को डालने के लिए जहर डालकर भुजिया बना रखें थे। रामेश्वरलाल ने 13 अक्टूबर 2026 को गलती से भुजिया समझ़ कर जहरीले भुजिया खा लिए। जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई और परिजन उन्हें बीकानेर ले गए और वहां से इलाज के लिए फॉर्टिज अस्पताल जयपुर ले गए। जहां इलाज के दौरान रामेश्वरलाल ने दम तोड़ दिया। हैड कांस्टेबल विकास कुमार ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों के सुपुर्द कर दिया।