श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अक्टूबर 2026। क्षेत्र में खेत में गोली चलाकर हिरण का शिकार करने, मना करने पर गोली तानने, जातिसूचक गालियां देने, मारपीट कर सिर फोड़ देने के आरोप में छह व्यक्तियों के खिलाफ श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामला दर्ज हुआ है।
परिवादी शीशपाल पुत्र नरपतसिंह राजपूत निवासी जाखासर ने सुमेर सिंह, भंवरसिंह, बजरंगसिंह निवासी जाखासर, कालूराम व उसका बेटा विक्रम, मंगलाराम बावरी निवासी सोनियासर मीठिया व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसी के गांव का परताराम पुत्र खिंयाराम मेघवाल उसके खेत में काश्तकार है। 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे उसे व परताराम को प्रेमसिंह के खेत से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उस खेत की ओर भागे। सभी आरोपी मौके पर थे और कालूराम के हाथ में बंदूक थी। वहीं एक शिकार किया हुआ मृत हिरण भी पड़ा था। परिवादी ने व उसके काश्तकार ने शिकार करने से मना किया तो आरोपी नाराज हुए और शिकार करने के लिए सुमेर सिंह द्वारा बुलाया जाना बताया। विवाद में कालूराम बावरी ने परिवादी पर बंदूक तान दी। आरापियों ने परताराम को जातिसूचक, अपमानजनक गालियां दी व दोनों के साथ मारपीट करते हुए परिवादी का सिर फोड़ दिया। शोर सुनकर अन्य लोगों को आता देखकर दोनों को अधमरा छोड़ कर मृत हिरण उठाकर ले गए। परिवादी को गंभीर घायलावस्था में उपजिला अस्पताल श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीओ निकेत पारीक को दी है।