श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अक्टूबर 2026। कालू माता के दर्शन कर मोटरसाइकिल पर लौट रहें एक दंपत्ती व उनका पुत्र दुर्घटना के शिकार हो गए। जिसमें 17 वर्षीय युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दुर्घटना शनिवार शाम को कालू रोड पर रावासर फांटा पर हुई। गांव माणकरासर निवासी जगदीश नाथ कालबेलिया अपनी पत्नी व बेटे मोटनाथ के साथ कालू माता के दर्शन कर मोटरसाइकिल पर लौट रहे थे। रावासर फांटा पर तेज रफ्तार कैंपर हाइवे पर चढ़ने के दौरान मोटरसाइकिल से जा भिड़ी। दुर्घटना के बाद 17 वर्षीय मोटनाथ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कालू थाना पुलिस व ग्रामीणों ने घायल जगदीश नाथ व उनकी पत्नी को घायल अवस्था में लूणकरणसर अस्पताल पहुंचाया जहां दोनों को भर्ती किया गया। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा व परिवार में लाडला था और घटना के बाद से परिवार में माहौल गमगीन हो गया है। घायल के परिजन व मोहन कुल्हड़िया सहित अनेक ग्रामीण रविवार सुबह कालू थाने पहुंच गए है। जहां परिजनों द्वारा रिपोर्ट दिए जाने के बाद शव सुपुर्द करने की आगामी कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।
कालू माता के दर्शन कर लौट रहे दंपत्ती की बाइक को कैंपर ने मारी टक्कर, 17 वर्षीय युवा ने मौके पर ही दम तोड़ा।