पंचायत समिति चुनाव को लेकर विधायक ने की प्रत्याशियों से चर्चा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पंचायत समिति सदस्य चुनाव को लेकर शुक्रवार को श्रीडूंगरगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय में विधायक ताराचंद सारस्वत ने श्रीडूंगरगढ़ एवं रीड़ी पंचायत समिति क्षेत्र के प्रत्याशियों, समर्थकों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने चुनावी तैयारियों, संगठनात्मक समन्वय और जनसंपर्क को लेकर मार्गदर्शन दिया। विधायक ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर आमजन से संपर्क करने तथा पार्टी की नीतियों एवं विकास कार्यों की जानकारी देने का आह्वान किया। उन्होंने चुनाव अभियान में आपसी तालमेल और संगठन की मजबूती पर जोर दिया। इस दौरान बिग्गा सहित विभिन्न गांवों के कुछ लोगों ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इनमें बिग्गा के श्रवणराम मेघवाल और गोरखाराम मेघवाल भी शामिल रहे। विधायक सारस्वत ने भाजपा में शामिल हुए लोगों का पार्टी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।

0e91ea0f-35a3-4049-8388-cd0c048c16d5-ceVfnmnq.webp
मोमासर में वोट मैराथन निकालकर दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्राम मोमासर स्थित ईचरज देवी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को ब्लॉक स्तरीय स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता वोट मैराथन का आयोजन किया गया। छात्राओं ने हाथों में मतदान संबंधी स्लोगन लिखी तख्तियां ली और गांव की गलियों से मैराथन निकालकर आमजन को लोकतंत्र में मतदान के महत्व का संदेश दिया। कार्यक्रम में सीबीईओ कार्यालय श्रीडूंगरगढ़ से एसीबीईओ सुरेंद्र कुमार शर्मा और आरपी पवन कुमार प्रजापत ने भाग लिया। विद्यालय के अध्यापक जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता से जुड़े नारों के माध्यम से शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद ने 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं, ईएलसी प्रभारी ज्वाला प्रसाद ने पंचायती राज चुनाव-2026 के संबंध में जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापक महेंद्र सिंह, शारीरिक शिक्षक संतोष शेखावत, महावीर सिंह, अणुव्रत समिति मंत्री राकेश संचेती सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

3e4204ba-4c58-4a20-b87b-e893440354c3-vD12R7ID.webp