उदरासर स्कूल में दीपोत्सव से दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अक्टूबर 2026।
गांव उदरासर स्थित वैद्य मगाराम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता के लिए विशेष दीपोत्सव आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में रंग-बिरंगी रंगोलियां सजाई गईं और मिट्टी के दीप प्रज्वलित कर लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य भूपेंद्र कुमार ने कहा कि सशक्त लोकतंत्र की नींव जागरूक मतदाताओं पर टिकी होती है। उन्होंने युवाओं और भावी मतदाताओं से अपने आसपास के लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। दीपों की रोशनी के माध्यम से सभी पात्र नागरिकों को अपने मताधिकार का निष्पक्ष उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान मुकेश कुमार, सुपरवाइजर पवन कुमार तथा बीएलओ दूलदास, भागीरथ और श्रवण कुमार उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं बीएलओ ने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और मतदान प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने लोकतंत्र की मर्यादा बनाए रखने तथा प्रत्येक निर्वाचन में अनिवार्य रूप से मतदान करने की शपथ ली। आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

whatsapp-image-2026-10-22-at-195734-EkatnLDo.webp

कन्या महाविद्यालय में विशेष शिविर, युवतियों ने करवाया मतदाता पंजीकरण
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अक्टूबर 2026।
“कोई भी पात्र मतदाता न छूटे” थीम के तहत उपखंड निर्वाचन शाखा श्रीडूंगरगढ़ की ओर से सदू देवी पारख राजकीय कन्या महाविद्यालय में विशेष मतदाता पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में पात्र छात्राओं का मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पंजीकरण किया गया। युवा मतदाताओं में इस अभियान को लेकर उत्साह देखने को मिला। एसडीएम झंवरलाल मित्तल के निर्देशानुसार आयोजित शिविर में नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह चौहान ने छात्राओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया तथा लोकतंत्र में जनभागीदारी के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में विशेष शिविरों के माध्यम से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के अधिकाधिक नवमतदाताओं का पंजीकरण करवाने पर जोर दिया। कार्यालय सीबीईओ के आरपी पवन प्रजापत ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया से अवगत कराने के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है। महाविद्यालय प्राचार्य अनुराधा बिस्सा ने छात्राओं को विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया और इसके महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना आवश्यक है। डॉ. आनंद नारायण पुरोहित ने भी पात्र छात्राओं से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इस दौरान महाविद्यालय के सहायक आचार्य डॉ. कमल सिंह चारण, डॉ. चित्रा व्यास, डॉ. प्रभा कंवर, डॉ. सीमा खड़गावत और डॉ. प्रियंका श्रीमाली सहित निर्वाचन शाखा से लीलाराम मीणा, बीएलओ महेश जोशी, श्यामसुंदर निर्वाण, अरविंद माली, गोपीराम महिया, विक्रम सैन, किशनलाल सांखला, सुपरवाइजर मदन कड़वासरा और बुद्धराम उपस्थित रहे।

whatsapp-image-2026-10-22-at-182005-yEaemeRB.webp

राजकीय महाविद्यालय में दीपदान से दिया मतदान का संदेश, स्लोगन प्रतियोगिता में नशामुक्ति का आह्वान
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अक्टूबर 2026। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ में गुरुवार को मतदाता जागरूकता एवं नशामुक्ति अभियान के तहत दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत दीपदान कर लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया गया, वहीं स्लोगन प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशे के दुष्परिणामों के प्रति समाज को जागरूक किया। मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर में दीप प्रज्वलित कर लोकतंत्र के उत्सव में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर बनाकर भी मतदान के प्रति जागरूकता का आह्वान किया। महाविद्यालय प्राचार्य अमित तंवर ने 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के नवमतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही सभी विद्यार्थियों को शत-प्रतिशत मतदान की शपथ दिलाई गई। वहीं, ‘नई किरण नशामुक्ति अभियान’ के तहत आयोजित स्लोगन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली नारों के जरिए नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन नशामुक्ति प्रभारी श्रीमती निशा सोडा ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। दोनों कार्यक्रमों में महाविद्यालय के विद्यार्थी एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

whatsapp-image-2026-10-22-at-191024-N7ejf5KK.webp