70 वर्षों से लगातार हो रहा नवरात्र में अखंड किर्तन, महाआरती के साथ हुआ संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आड़सर बास स्थित प्राचीन माताजी मंदिर में करीब 70 साल से भी अधिक समय से नवरात्र में अखंड किर्तन का आयोजन हो रहा है। यहां दिन में महिलाएं, शाम को बच्चे व रात को पुरूषों की टोलियां अनवरत राम कृष्ण नाम का जप करती है। दो दो घंटे में पार्टियां बदली जाती है। मंदिर में नौ दिनों में अनेक धार्मिक आयोजन संपन्न किए गए। आज दोपहर 12 बजे बाड़ी पूजन और महाआरती के साथ नवरात्र संपन्न हुए। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने माँ के दर्शन किए और अपनी मन्नतें मांगी। मंदिर समिति के वरिष्ठ सदस्य तुलसीराम चौरड़िया व हरिप्रसाद मूंधड़ा सहित अनेक सदस्यों ने व्यवसथाओं में सक्रिय रहकर अपना योगदान दिया। पुजारी बजरंग शर्मा ने शांति व भक्तिमय नवरात्र संपन्न होने पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी।

आशापुरा भवानी मंदिर से स्वर्णकार समाज ने निकाली भव्य शोभा यात्रा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंगलवार को आशापुरा भवानी मंदिर में नवरात्र पूजन संपन्न किया गया। मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं मंगल वेश में मंगल कलश लेकर शामिल हुई। यात्रा में देवी देवताओं की आकर्षक झांकिया सजाई गई। वहीं अघोरी नृत्य कलाकारों को बुलाया गया, जिन्होंने मुख्य मार्गों पर अपनी प्रस्तुतियां दी। समाज के लोगों ने दोपहर 12 बजे तक दुकानें मंगल रखी व नवरात्र समापन के समारोह में शामिल हुए। मुख्य मार्गों से होकर यात्रा मंदिर में पूरी हुई जहां स्वर्णकार समाज अध्यक्ष ओमप्रकाश कड़ेल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र भामा, मंत्री पवन गोयतान, नवयुवक अध्यक्ष मुन्नीराम कड़ेल गुसाईंसर बड़ा, उपाध्यक्ष रामनारायण सोनी, कोषाध्यक्ष बसंत मौसूण, मंत्री रामदयाल भामा, उपमंत्री परमेश्वरलाल कड़ेल ने पूरे समाज द्वारा सामूहिक सहयोग से मंदिर में संपन्न हुए भव्य आयोजन के लिए आभार जताया।



शाकम्भरी माता मंदिर में नवचंडी पाठ की पूर्णाहुति।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कल्याणसर पुराना में शाकम्भरी माता मंदिर में नवरात्र के दौरान नवचंडी पाठ का अनुष्ठान किया गया। वहीं मंगलवार सुबह आचार्य पंडित पवन सारस्वत समंदसर द्वारा पूर्णाहुति हवन संपन्न करवाया गया। पूजन में श्रवण शर्मा, नेताराम गोदारा, परमाराम, भागीरथ, दानाराम महिया, रामुराम तरड़, पुजारी अन्नाराम स्वामी ने भागीदारी निभाई। इस दौरान ग्रामीणों ने हवन में आहुतियां दी व गांव में सुख समृद्धि की कामना करते हुए माता से सामूहिक प्रार्थना की। पूजन के बाद आरती संपन्न कर माता को प्रसाद का भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया और जयकारे लगाए गए।

दधिमथी माता मंदिर में हुआ दिव्य श्रृंगार, उमड़े श्रद्धालु।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कालूबास में स्थित दधिमथी माता मंदिर में नौ दिन अनेक धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। यहां सोमवार को दुग्धाभिषेक के बाद माता का वीआईपी फुलों से दिव्य श्रृंगार किया गया। सोमवार को यहां छप्पन भोग का प्रसाद भोग लगाया गया। मंदिर की भव्य सजावटें की गई व कन्या पूजन का आयोजन भी संपन्न हुआ। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे व अपनी मनोकामनाएं मांगी। इस दौरान अनेक श्रद्धालुओं ने मंदिर के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

आड़सर बास में बच्चों ने बनाया दशमुख रावण का पुतला।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आड़सर बास के वार्ड 24 में नन्हें मुन्नों ने अपनी गली में सामूहिक सहयोग से रावण का पुतला बनाया। आज शाम बच्चों ने इस पुतले को जय श्रीराम के जयकारों के साथ फुंक दिया। इस दौरान बालक विष्णु सुथार, आदित्य सुथार, ऋषि शर्मा, राधे शर्मा, भरत सुथार सक्रिय रहें। मोहल्लेवासियों ने रावण दहन का आनंद लिया व बच्चों को प्रोत्साहित किया।
