श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अक्टूबर 2026। सेसोमूं स्कूल के खेल मैदान श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स द्वारा आयोजित द ग्रेट डांडिया महोत्सव में 2026 के भव्य कार्यक्रम में पांडाल खिलखिलाहटों से गूंज उठा। मातृ शक्ति ने नृत्य परंपरा को निभाया और जमकर डांडिया खनकाए। शानदार महोत्सव में परिवार के साथ हजारों की संख्या में युवतियां व महिलाएं शामिल हुई। ऐतिहासिक आयोजन को सफलतम बनाने में भाजपा प्रवासी प्रकोष्ठ के प्रदेशा संयोजक अनिल जोशी, नगरपालिका के वाइज चेयरमैन विनोदगिरी गुसाई, कांग्रेस पर्यावरण प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष भगवाननाथ कलवानियां, समाजसेवी जुगलकिशोर तावणियां, समाजसेवी बृजलाल तावणियां, समाजसेवी हरिओम तावणियां सहयोगी के रूप में शामिल रहें।
दुर्गा पूजन से प्रारंभ हुआ महोत्सव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महोत्सव में विनोद गिरी गुसाई, भगवाननाथ कलवानियां, बंसीलाल तावणियां, गौतम तावणियां, सेसोमूं स्कूल के चेयरमैन जगदीश मूंधड़ा व पद्मा मूंधड़ा, तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा सपत्नीक सहित सहयोगी अतिथि रूप में शामिल हुए। सभी ने दुर्गा पूजन कर महोत्सव को प्रारंभ किया। टाइम्स के संपादक कपिला स्वामी ने सभी का स्वागत किया व प्रबंधक विशाल स्वामी ने सभी का आभार जताया। सभी अतिथियों ने शहर वासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं देते हुए महोत्सव की बधाई दी।
इन्हें मिले पुरस्कार, जताया टाइम्स का आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दो दिवसीय रंगारंग सांस्कृतिक महोत्सव में लोगों ने खूब नृत्य किया और टाइम्स द्वारा दो दर्जन डांडिया प्रेमियों को पुरस्कृत किया गया। बेस्ट ग्रुप का अवार्ड डांडिया क्विन गर्ल्स ग्रुप को मिला। वहीं बेस्ट फैमिली रवि थडानी एंड फैमिली, बेस्ट कपल आकाश और सपना, गोल्डन एरा कपल मिस्टर एंड मिसेज सूर्यप्रकाश गांधी को मिला। वहीं बेस्ट डांसर फिमेल प्राची भार्गव, बेस्ट डांसर मेल दिनेश प्रजापत, लिटिल डांडिया स्टार वानिया खटनानी, बेस्ट ड्रेस फिमेल किरण, बेस्ट मेल गौरव, बेस्ट ड्रेस किड मनन, बेस्ट स्माइल रूहिका बोहरा, बेस्ट एनर्जी अवार्ड कविता राजपुरोहित, बेस्ट हेयर स्टाइल सपना मोरवानी, सेल्फी किंग लक्ष्य खटनानी, सेल्फी क्वीन किरण स्वामी, बेस्ट पर्सनेलटी ललिता स्वामी, बेस्ट माँ बेटी जोड़ी गीता राजपुरोहित व उनकी बेटियां इति, कोमल, मानवी को दिया गया। बेस्ट सिस्टर जोड़ी अंतिमा व अंजना पारीक, बेस्ट ब्रदर्स जोड़ी योगेश व कपिल राजपुरोहित, बेस्ट सास बहू जोड़ी संतोष सोनी व उनकी बहुए खुशबू और संगीता को दिया गया। वहीं बेस्ट ननद भाभी पूनम व उनकी ननद भगवती सोनी को दिया गया। सभी विजेतओं ने आयोजन को सराहा और टाइम्स का आभार जताया। आज भी दो दर्जन आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
8 बजे तक ही होगा प्रवेश, यहां मिलेंगे पास।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आज शाम 6 बजे महोत्सव में प्रवेश प्रारंभ होगा और पूरी सख्ती के साथ फिक्स 8 बजे एंट्री गेट बंद कर दिया जाएगा। आयोजन पूरी तरह से निजी व पारिवारिक है और एंट्री के सर्वाधिकारी टाइम्स के पास सुरक्षित है। आयोजक विशाल स्वामी ने बताया कि पुरूषों को प्रवेश केवल अपने परिवार की महिलाओं के साथ दिया जाएगा। एक पुरूष सदस्य के साथ महिलाओं की संख्या एक से अधिक हो सकती है परंतु महिलाओं के साथ एक से अधिक पुरूषों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
शुक्रवार के लिए पास श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स के कार्यालय (टीएम प्लाजा घास मंडी), संस्कार इनोवेटिव स्कूल आडसर बास, मुख्य बाजार में रूपेश गारमेंट के सामने स्थित केआरडी पाँइट में लेंग्वेज ट्री इंग्लिश एकेडमी व जय अम्बे ड्रेसेज, सिंधी कटला भगवानदास नोतनदास दुकान पर रवि रिझवानी, गौरवपथ रोड पर जिओ मार्ट व अनु बेग हाऊस, बैंक ऑफ बड़ौदा के पास गायत्री एल्युमिनियम, बिग्गाबास गणेश मंदिर के पास सृजन क्लासेज, रानी बाजार में तन्नू श्री मार्ट (चंदा पीसीओ) सहित करुणा व शीतल स्वामी, सिंधी कॉलोनी में मेनका गुरनाणी से प्राप्त कर सकते है।
प्रवेश के लिए पास सुरक्षित करें, एंट्री गेट से लाइव होगा प्रसारण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रवेश के लिए डांडिया प्रेमी अपना पास सुरक्षित कर लेवें। पास नहीं होने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पास बचे होने पर ही सेसोमूं स्कूल स्थल पर पास उपलब्ध हो सकेगा अन्यथा वहां पास नहीं मिल सकेगा। टाइम्स के विशाल स्वामी ने बताया कि मौके से एंट्री का लाइव प्रसारण होगा व प्रवेश लेने वाले सभी ऑनलाइन कैमरे की कैद में होंगे।
ब्रेथ एनालाइजर मशीन लगाई जाएगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विशाल स्वामी ने बताया कि नशा करने वाले महोत्सव में शामिल नहीं हो सकेंगे। आज एंट्री गेट से लाइव प्रसारण किया जाएगा और यहां ब्रेथ एनालाइजर मशीन लगाई जाएगी। जिससे नशा करके आने वाले को गेट पर ही पकड़ कर लौटा दिया जाएगा।
मातृ शक्ति ने निभाई नृत्य परंपरा, हजारों की संख्या में खनकाए डांडिया, दो दर्जन को मिले पुरस्कार