श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अक्टूबर 2026। महाराजा गंगासिंह विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय क्रिकेट प्रतियोगिता (बीकानेर जॉन) का शुभारंभ शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय के खेल मैदान में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन सीओ निकेत पारीक ने बॉल पर शॉट लगाकर किया। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में नोखा, श्रीडूंगरगढ़ और लूणकरणसर की टीमों ने जीत दर्ज की। उद्घाटन समारोह में राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के पूर्व अध्यक्ष श्याम महर्षि, रामचंद्र राठी, महावीर माली, सत्यनारायण योगी और विजय महर्षि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि क्रिकेट अनुशासन और एकाग्रता का खेल है। विद्यार्थियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेना चाहिए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विनोद सुथार ने अतिथियों का स्वागत किया। विश्वविद्यालय के ऑब्जर्वर दिलकान्त माचरा और ज्ञानप्रकाश ने बताया कि उद्घाटन मुकाबला राजकीय मांगीलाल बागड़ी महाविद्यालय, नोखा और राजकीय महाविद्यालय, खाजूवाला के बीच खेला गया, जिसमें नोखा की टीम विजेता रही। दूसरे मुकाबले में श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय ने राजकीय महाविद्यालय, गंगाशहर को हराकर जीत हासिल की। वहीं तीसरे मुकाबले में चौधरी भीमसेन राजकीय महाविद्यालय, लूणकरणसर की टीम ने द्वारिका बीपीएड कॉलेज, नाल को पराजित किया। खेल प्रभारी मुकेश जांगिड़ ने बताया कि रविवार को राजकीय डूंगर महाविद्यालय का मुकाबला होगा। इसके बाद शाम को पहला सेमीफाइनल खेला जाएगा। सोमवार को दूसरा सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला होगा। सोमवार दोपहर बाद समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

whatsapp-image-2026-10-17-at-210000-1-yIxlV0zU.webp