श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अक्टूबर 2026। कभी दीवार तोड़ देने, कभी रास्ते चलते विवाद करने, कभी पारिवारिक बात को लेकर, फोन पर गाली गलौच करने, बार बार गालियां देकर झगड़ने से डिप्रेशन में आए एक युवक ने डिग्गी में कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक पुदंलसर निवासी 25 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र जैसाराम गोदारा के छोटे भाई बजरंगलाल ने पुलिस थाने में मामला दर्ज करवाते हुए पड़ोसी परिवार के तीन सगे भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज करवाया।
परिवादी ने पुलिस को बताया कि उनके घर पड़ोसी ओमप्रकाश, राजूराम व प्रह्लादराम पुत्रगण गणेशाराम जाट मृतक को पांच छह माह से तंग परेशान कर रहें थे। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों के कारण वह डिप्रेशन में रहने लगा और कई बार मरने की बात भी परिवार में कही। शुक्रवार रात भी करीब 10 बजे आरोपियों ने मृतक के साथ झगड़ा किया व उसे गालियां दी। जिससे परेशान होकर उसने डिग्गी में कूदकर जान दे दी है। परिवादी ने बताया कि तीन माह पहले भी समाज के मौजिज व्यक्तियों द्वारा की गई पंच पंचायती में यह तय हुआ था कि आरोपी मृतक व उसके परिवार को तंग परेशान नहीं करेंगे। परंतु इसे भी आरोपियों ने नहीं माना और उसे आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई देवाराम को सौंप दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
तीन सगे भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज