श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अक्टूबर 2026। क्षेत्र में ठगी, धोखाधड़ी जालसाजी के मामले लगातार बढ़ रहें है। आज सुबह एक युवक परदेस से कमाकर अपने गांव लौट रहा था और वह घुमचक्कर पर ठगी का शिकार हो गया। युवक ने अपना बैग डेढ़ लाख रूपए की नगदी, सामान, फोन सब गवां दिया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को परिवाद देकरे अज्ञात को पकड़ने व उससे सामान बरामद करने की गुहार लगाई है। मामले की छानबीन हैड कांस्टेबल संदीप कुमार ने शुरू कर दी है।  

पीड़ित घनश्याम बावरी पुत्र चोखाराम बावरी निवासी बिग्गा ने पुलिस को बताया कि वह मजदूरी के लिए राजकोट, गुजरात रहता है। आज ही सुबह करीब 11 बजे वह राजकोट से श्रीडूंगरगढ़ पहुंचा और गांव बिग्गा जाने के लिए टैम्पू का इंतजार करने लगा। तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और अपने आप को पंजाब का निवासी बताते हुए बिग्गा की ओर जाते हुए उसे गाड़ी से गांव छोड़ देने की बात कही। परिवादी उस अज्ञात की बातों में आ गया। आरोपी ने उसे कहा कि उसका दोस्त नहीं आ रहा है और वह मोटरसाइकिल से बिग्गा के बैंक जाकर आएगा। परिवादी अपना शोल्डर बैग अपने कंधो पर लटकाकर बाइक पर बैठ गया। आरोपी ने परिवादी को अपना बैग पकड़ा कर उसका बैग भारी होने की बात कही और उसका बैग आगे रखकर बाइक का संतुलन बनाने के लिए आरोपी का बैग पकड़ लेने की बात कही। परिवादी बैग पकड़ाकर जैसे ही पीछे दोबारा बैठने लगा आरोपी उसका बैग लेकर मोटरसाइकिल भगा ले गया। अपना खाली बैग उसके पास छोड़ गया। आरोपी की बातों में आकर श्रमिक ने अपनी मेहनत की कमाई डेढ़ लाख रूपए, एक फोन, पावर बैंक, कपड़े व अन्य सामान खो दिए। परिवादी ने पुलिस से धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपी को पकड़ने व सामान बरामद करवाने की मांग की।