श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अक्टूबर 2026। “कोई भी पात्र मतदाता न छूटे” अभियान के तहत बुधवार को पंचायत समिति सभागार में विधानसभा क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ के पीईईओ, यूसीईईओ और कॉलेज प्राचार्यों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में एसडीएम झंवरलाल मित्तल ने 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए।
नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह चौहान व सीबीईओ सरोज पूनियां वीर ने विशेष अभियान के दौरान कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित नहीं रहने देने की बात कही। इसके लिए सभी संस्था प्रधानों को प्रभावी निगरानी रखते हुए पात्र युवाओं से फॉर्म नंबर-6 भरवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मास्टर ट्रेनर नौरत मल शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत बुधवार को सभी 294 मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहें। उन्होंने बताया कि नव मतदाता पंजीकरण के लिए प्रारूप-4 घोषणा पत्र की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। ऐसे में पात्र युवाओं का अधिकाधिक पंजीकरण करवाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में एसीबीईओ-1 अशोक कुमार चुग, एसीबीईओ-2 सुरेन्द्र कुमार शर्मा, निर्वाचन शाखा से डॉ. मनीष कुमार सैनी, भव्य कटारिया, लीलाराम मीणा और मांगीलाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

1015c4af-108d-43bc-8cfd-e5ac18623a12-Wwektj9X.webp