


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अगस्त 2026। ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर गुरूवार को विधायक सेवा केंद्र में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने खेतों के रास्ते, बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा और कृषि से जुड़ी समस्याएं विधायक ताराचंद सारस्वत के सामने रखीं और अपनी परिवादें सौंपी। विधायक ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके से ही फोन किया गया व त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई में लिखमादेसर, उपनी, बाना, दुसारणा, बेनीसर, गुसाईंसर, धनेरू, जेतासर, रिड़ी सहित आसपास के गांवों से ग्रामीण पहुंचे। किसानों ने खेतों तक जाने वाले खराब रास्तों की समस्या बताते हुए नए रास्तों के निर्माण तथा क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत करवाने की मांग रखी। ग्रामीणों ने कहा कि रास्ते खराब होने से खेतों तक आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी ग्रामीणों ने विधायक को अवगत कराया। खराब फीडरों को दुरुस्त करवाने तथा आवश्यकता के अनुसार फीडर बदलवाने की मांग की गई। इसके अलावा पेयजल, सड़क, चिकित्सा, शिक्षा और कृषि से संबंधित समस्याएं भी जनसुनवाई में प्रमुखता से उठीं। विधायक सारस्वत ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर समस्याओं की जानकारी ली तथा जहां तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता थी, वहां मौके से ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई हो और विभागीय स्तर पर जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उनका प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। विधायक ने कहा कि “जनसुनवाई केवल समस्याएं सुनने का माध्यम नहीं है, बल्कि समस्या के समाधान तक लगातार फॉलोअप करने का माध्यम भी है। क्षेत्र के प्रत्येक गांव से आने वाली समस्या को गंभीरता से लेकर संबंधित विभाग से उसका समाधान करवाने के पूरे प्रयास करना है। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहें।







