






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अप्रैल 2025। अक्षय तृतीया पर क्षेत्र में बड़ी संख्या में विवाह समारोह संपन्न होंगे। क्षेत्र के हर घर, खेत ढाणी में लोग अक्षय तृतीया का त्योहार उल्लास के साथ मनाते हुए अपने घर परिवार में सुख समृद्धि की कामनाएं कर रहें है। किसानों ने खेतों में मूंगफली बुवाई शुरू करने का शगुन किया। किसानों ने कृषि यंत्रों का पूजन किया। घरों में मिट्टी का नया कलश लेकर उसे पानी से भर कर पूजन किया और महिलाओं ने परिवार के स्वस्थ व समृद्धशाली होने की प्रार्थना की। हर घर में महिला वर्ग खिचड़ा व इमली का इमलाना बनाने में व्यस्त है। लोक मान्यता के अनुसार आज के दिन किए गए कार्य का पुण्य अक्षय माना जाता है। इस कारण चारों ओर सेवा कार्य भी किए जा रहें है। वहीं गौशालाओं में दान पुण्य का दौर भी प्रारंभ हो गया है जो देर शाम तक जारी रहेगा। दुलचासर की श्रीगोपाल गौशाला में दानदाता पूनमचंद मूंदड़ा ने कंप्यूटर कक्ष के लिए छत पंखे के लिए राशि सहयोग दिया। रेविंतसिंह ने गौवंश की दवाई के लिए, राजूसिंह पड़िहार व गुलराज महिया ने गौसेवा में राशि सहयोग दिया है। वहीं अनेक गौशालाओं में दानदाता पहुंचकर गौवंश के लिए विभिन्न प्रकार की सेवाएं दे रहें है।








