


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 6 सितंबर 2026। क्षेत्र के गांव हेमासर में स्थित हेमासर प्रथम 33 केवी जीएसएस में पॉवर ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण शनिवार शाम करीब 4 बजे से पूरे गांव की घरेलू और कृषि कुंओ के करीब 225 कनेक्शनों पर बिजली आपूर्ति ठप्प है। बिजली बंद होने से इन कुंओं पर मूंगफली में जबरदस्त नुकसान की आशंका हो गई है एवं फसलें जलने की कगार पर पहुंच गई है। बारीश की कमी से फसल को इस समय नियमित सिंचाई की अत्यंत आवश्यकता है, लेकिन जीएसएस पर ट्रांसफार्मर जलने के कारण किसानों को अपनी बारी के समय भी बिजली नहीं मिल पा रही है। किसानों ने बताया कि इस जीएसएस पर ओवरलोढ़ होने के कारण यहां पर एक अतिरिक्त ट्रांसफारमर लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी, लेकिन करीब एक वर्ष पहले यहां अतिरिक्त ट्रांसफारमर लगवाने की स्वीकृति भी जारी हुई थी। लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया व इस कारण आज ट्रांसफारमर जलते ही सम्पूर्ण सप्लाई बंद हो गई। ग्रामीणों ने जीएसएस पर घेराव कर दिया है एवं नारेबाजी कर अपना रोष जता रहे है। किसानों की मांग है कि तुरंत प्रभाव से जला हुआ ट्रांसफारमर बदला जाए एवं एक अतिरिक्त पावर ट्रांसफारमर भी लगाया जाए। ग्रामीण मघाराम राजगुरू, उदाराम सहू, विजयपाल गोदारा, नेमाराम गोदारा, गणेश बाना, देवनाथ, रामेश्वरलाल खांतडिया, हीरनाथ सिद्ध आदि ने लचर सिस्टम पर रोष जताया है। वहीं अनेक किसान गांव से रवाना होकर विधायक आवास भी समस्या लेकर पहुंच गए है।







