August 16, 2026
WhatsApp Image 2026-08-16 at 15.10.18

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 16 अगस्त 2026। शनिवार को दानदाताओं व प्रेरकों के सम्मान के बाद आज सुबह उपजिला अस्पताल परिसर में अस्पताल के स्टाफ की सेवाओं का सम्मान किया गया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में सेवाएं देने वाले 50 नर्सिंग कर्मियों एवं 40 संविदा कर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के आयोजनकर्ता समाजसेवी निर्मल पुगलिया ने सभी डॉक्टर्स व कार्मिकों को सम्मान देते हुए कहा कि ये पेशा पीड़ित मानवता की सेवा का कार्य है। इस क्षेत्र में कार्यरत कार्मिकों को प्रोत्साहित करने के लिए इनका सम्मान समाज में सकारात्मक परिणाम देगा। उन्होंने कहा कि इस समारोह का उद्देश्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर समर्पण के साथ कार्य कर रहे डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों के योगदान को सम्मान देना है। कार्यक्रम में आपणो गांव फेसबुक ग्रुप के राजेंद्र स्वामी ने इस पहल को क्षेत्र के लिए प्रेरणीय बताया। कार्यक्रम में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सोनी व उपजिला अस्पताल प्रभारी ओमप्रकाश स्वामी मंच पर मौजूद रहें। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए सम्मानित होने वाले डॉक्टरों में डॉ राजीव सोनी, डॉ. ओम प्रकाश स्वामी, डॉ. श्याम सुंदर नांगल, डॉ. एस.के. बिहानी, डॉ. जगदीश गोदारा, डॉ. दिनेश परिहार, डॉ. रवीन्द्र गोदारा, डॉ. गौरव सैनी, डॉ. कादिर अनवर टाक, डॉ. सुनील सहारण, डॉ. ताराचंद गोदारा, डॉ. रुचिता राजपुरोहित एवं डॉ. सुनील गोयल का सम्मान किया गया। डॉ एसएस नांगल ने सम्मान को प्रेरणा का अवसर बताते हुए कहा कि आमजन में चिकित्साकर्मियों के प्रति सम्मान की भावना होनी चाहिए। वहीं उन्होंने चिकित्साकर्मियों को पूरी निष्ठा से अपने दायित्व निर्वहन करने की बात कही। इस अवसर पर 50 नर्सिंग कर्मी व 40 संविदाकर्मियों का भी सम्मान किया गया। डॉक्टरों एवं कर्मचारियों ने सम्मान के लिए आयोजकों एवं पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में रामकिशन सारस्वत का निरंतर जल सेवा देने हेतु एवं तेरा तुझको अर्पण क्या लागे मेरा सेवा समिति को सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।