






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 6 जून 2026। कालूबास, करणी नगर में 17 जून को श्री श्यामजी, सालासर हनुमानजी, ओसिया माताजी एवं शिव दरबार की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा एवं श्याम वाटिका के अनावरण का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और आयोजक मंडल द्वारा समारोह की तैयारियां की जा रही है। प्राण प्रतिष्ठा समारोह में 16 जून, मंगलवार को रात्रि 8:30 बजे दिल्ली के प्रसिद्ध भजन गायक चेतन्य दाधीच द्वारा भक्तिमय भजनों प्रस्तुतियां दी जाएगी, जिसमें श्रद्धालु श्याम भक्ति के रस में सराबोर होंगे। अगले दिन 17 जून, बुधवार को सुबह 7:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं श्याम वाटिका का अनावरण किया जाएगा। दोपहर 11:30 बजे महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। समारोह का पावन सान्निध्य ऋषिकेश के श्रीमद् दण्डी स्वामी शिवेन्द्राश्रम महाराज एवं भगवती भद्रकाली शक्तिपीठ, राजलदेसर के पीठाधीश्वर प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के उद्घाटनकर्ता विधायक ताराचंद सारस्वत होंगे, जबकि श्रीविश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजक मंडल द्वारा सभी श्रद्धालुओं से समारोह में शामिल होने का आग्रह किया है।




