






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 जुलाई 2026। एजी मिशन इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक करने और नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देने के उद्देश्य से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में एसीजेएम अजीत सिंह ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी। सिंह ने कहा कि आज का युवा देश का भविष्य है, इसलिए उसे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर समस्या बन गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को युवाओं से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए बताया कि कानून का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने साइबर अपराध, बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग तथा कानून का उल्लंघन करने के संभावित परिणामों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। न्यायाधीश अजीत सिंह ने विद्यार्थियों से ईमानदारी, अनुशासन और नैतिकता की राह पर चलकर देश के श्रेष्ठ, जागरूक एवं संवेदनशील नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही एक सशक्त और सुरक्षित समाज की नींव होते हैं। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के निदेशक डॉ. रजनीश कौशिक ने एसीजेएम अजीत सिंह का सम्मान करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने के लिए उनका आभार जताया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


