








वट वृक्ष पूजन कर दिया गौसेवा में सहयोग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कालूबास के वार्ड 40 में मंगलवार सुबह वट वृक्ष पूजन कर महिलाओं ने गौसेवा में सहयोग दिया। महिलाओं ने सामूहिक रूप से ज्येष्ठ मास व पुरूषोत्तम मास का वट वृक्ष पूजन संपन्न किया। महिलाओं ने दीप दान किया व वट वृक्ष की 108 व 8 परिक्रमा कर अपने घरों में सुख समृद्धि की कामना की। पूजन पूर्ण कर आपसी सहयोग से एकत्र 5100 रूपए का चारा डलवा कर गौसेवा में अपना सहयोग दिया।

राजकीय महाविद्यालय के प्राचार्य महावीरनाथ को मिली पीएचडी उपाधि।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय श्रीडूंगरगढ़ के प्राचार्य डॉ महावीरनाथ को हिंदी विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त हुई है। उन्होंने अपना शोध विषय “नंद चतुर्वेदी के साहित्य में सामाजिक सरोकार और परिवेश : एक अध्ययन” पर अपना शोध डॉ मनीषा शर्मा के निर्देशन में पूरा किया है। उन्होंने हिंदी के वरिष्ठ साहित्यकार नंद चतुर्वेदी के साहित्य का गहन अध्ययन करते हुए उसमें निहित सामाजिक चेतना, मानवीय मूल्यों, समकालीन परिवेश तथा जनसरोकारों का व्यापक विश्लेषण किया है। इस उपलब्धि पर शिक्षाविदों, साहित्यकारों व शुभचिंतकों ने डॉ महावीरनाथ को बधाई दी है।

बीकानेर सीकर एनएच-11 फोरलेन बनाने की मांग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीविश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने केंद्रीय सड़क परिवहन एंव राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 को बीकानेर से सीकर खंड को फोन लेन करने की मांग की। सुथार ने बताया कि ये आगरा से बीकानेर को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है। ये जयपुर से सीकर तक फोरलेन है, और लगातार बढ़ रहें यातायात के चलते सीकर से बीकानेर तक भी फोरलेन करने की जरूरत है। बता देवें लगातार इस सड़क मार्ग को फोरलेन किए जाने की मांग उठ रही है।




