








श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 जून 2026। मंगलवार को ग्राम पंचायत बापेऊ में आयोजित ग्राम सेवा शिविर में आधा दर्जन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
मौका मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार सुरजीत कुमार धायल, प्रशासक चेतनराम, ग्राम विकास अधिकारी व सेरूणा पुलिस जाप्ते की उपस्थिति में बापेऊ से लिखमीसर उत्तरादा मार्ग पर जल होद के पास अतिक्रमण, बापेऊ पुरोहितान में शिव मंदिर के पास मार्ग पर अतिक्रमण, गांव की गुवाड़ में स्थित कुल छह अवैध अतिक्रमणों को हटाया गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद एकत्र हो गए और ग्रामीणों ने आम रास्ते पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की सराहना करते हुए प्रशासन का आभार जताया।
शिविर में परिवहन विभाग ने श्रवण बाधित व मूक बधिर दिव्यांग रामरतन का रोडवेज पास बनाकर दिया गया। रामरतन के परिवार ने राहत की सांस ली व आभार जताया। शिविर में राजस्व विभाग ने सहमति से 2 खाता विभाजन करवाया गया। वहीं 35 खातों की शुद्धि की, 13 नामांतरण के प्रकरणों का निस्तारण किया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय भाग लिया। बता देवें बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ के ऊपनी और कल्याणसर नया में ग्राम सेवा शिविर होंगे।






