June 30, 2026
0000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 जून 2026। नाबार्ड वित्तपोषित परियोजना “बीकानेर ज़िले में सतत एवं आर्थिक विकास के लिए सहजन आधारित कृषि प्रणाली का विकास” के तहत काजरी द्वारा जुलाई माह में तीन दिवसीय कृषक कौशल विकास प्रशिक्षण के तीन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को सहजन की वैज्ञानिक एवं व्यावसायिक खेती की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना तथा उनकी आय में वृद्धि के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
कृषि अधिकारी कन्हैयालाल सारस्वत ने बताया कि परियोजना के तहत प्रथम प्रशिक्षण 6 से 8 जुलाई, द्वितीय प्रशिक्षण 13 से 15 जुलाई तथा तृतीय प्रशिक्षण 20 से 22 जुलाई, 2026 तक काजरी कार्यालय में आयोजित होगा। इच्छुक किसान 1 जुलाई से अपना पंजीयन प्रारंभ कर सकते हैं। पंजीयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। पंजीयन के लिए किसान 9413893720 एवं 8740007170 पर संपर्क कर सकते हैं।
प्रशिक्षण प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक पूर्णतः निःशुल्क आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले प्रत्येक किसान को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही, अपने खेत में रोपण हेतु सहजन की उन्नत किस्म के 1000 पौधे निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। पौधे प्राप्त करने के लिए प्रशिक्षण में भाग लेना अनिवार्य होगा। आवास की व्यवस्था प्रतिभागियों को स्वयं करनी होगी। पंजीयन के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड, जमाबंदी की प्रति तथा मोबाइल नंबर व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराने होंगे।