श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अक्टूबर 2026। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और पात्र युवाओं की मतदाता सूची में भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को श्रीडूंगरगढ़ के राजकीय महाविद्यालय एवं सदूदेवी पारख कन्या महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, पंजीकरण की पात्रता और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।
कन्या महाविद्यालय में छात्राओं को किया जागरूक
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदूदेवी पारख कन्या महाविद्यालय में ईएलसी के तहत आयोजित कार्यशाला के मुख्य वक्ता भारती निकेतन महाविद्यालय के सहायक आचार्य कुलदीप शर्मा रहे। उन्होंने छात्राओं को अपने विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने की प्रक्रिया समझाई तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक बताया। महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य अनुराधा बिस्सा ने छात्राओं से पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सहायक आचार्य डॉ. आनंद नारायण पुरोहित, डॉ. कमल सिंह चारण, डॉ. चित्रा व्यास, डॉ. प्रभा कंवर, डॉ. सीमा खड़गावत एवं डॉ. प्रियंका श्रीमाली सहित अन्य उपस्थित रहे।
राजकीय महाविद्यालय में पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय महाविद्यालय में 18 से 19 वर्ष आयुवर्ग के पात्र युवाओं के मतदाता पंजीकरण के लिए विशेष अभियान के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। प्राचार्य अमित तंवर ने विद्यार्थियों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, मतदान के महत्व तथा पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने साथियों और परिवारजनों को भी मतदाता पंजीकरण एवं मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

