श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अक्टूबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ में बीदासर रोड स्थित घूमचक्कर से बिजली विभाग, वन विभाग होते हुए रेलवे स्टेशन तक फैले अंधेरे की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। रात के समय इस मार्ग से रेलवे स्टेशन और धान मंडी जाने वाले नागरिकों को असुरक्षा की भावना के साथ परेशानी का सामना करना पड़ता था। साथ ही, अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। इस समस्या के समाधान के लिए विधायक ताराचंद सारस्वत के पत्र तथा नगरपालिका अध्यक्ष नारायण कल्लाणी के निर्देशन से नगरपालिका द्वारा इस मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था शुरू करवाई गई है। इसके तहत सड़क के किनारे लगे विद्युत पोलों पर फेज वायर खिंचवाकर लगभग 80 लाइटें लगाई गई हैं। इस व्यवस्था से रात के समय आवागमन करने वाले नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे स्टेशन और धान मंडी जाने वाले लोगों के लिए यह मार्ग अब पहले की तुलना में अधिक रोशन रहेगा।
