श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अक्टूबर 2026। जिले में किसानों को उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए कृषि विभाग ने सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कृषि विभाग के बीकानेर जिला प्रभारी एवं संयुक्त निदेशक (प्रबोधन एवं मूल्यांकन) भगवान सहाय यादव ने कृषि, उद्यानिकी एवं आत्मा परियोजना से जुड़े अधिकारियों, उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों और थोक उर्वरक विक्रेताओं की बैठक लेकर उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सहायक निदेशक सुरेंद्र मारू ने बताया कि बैठक में यादव ने जिले में उर्वरकों की जमाखोरी, कालाबाजारी, डायवर्जन और टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करने और आवश्यकतानुसार नमूने लेने के लिए पाबंद किया, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सके। बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उर्वरक वितरण व्यवस्था पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
ये अधिकारी और प्रतिनिधि रहे उपस्थित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक में संयुक्त निदेशक मदनलाल, उद्यान उप निदेशक प्रेमाराम, सहायक निदेशक मुख्यालय सुरेंद्र मारू, रघुवर दयाल सुथार, राजूराम डोगीवाल, रुबीना परवीन, मीनाक्षी शर्मा, कृषि अधिकारी गिरिराज, सोमेश तंवर, कविता गुप्ता, मीनाक्षी पंवार, रामन्ना, जोधराज और धनाराम बैरड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहें। वहीं, उर्वरक कंपनी प्रतिनिधियों में मनीराम जाखड़ और सुमित शर्मा तथा आदान विक्रेताओं में इंद्र तिवाड़ी, निर्मल जैन, सुनील राठी और महिपाल चौधरी सहित अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित रहें।

05130bf4-a4e5-4b1c-b0b4-f0b004e1504c-BHELMx24.webp