श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 अक्टूबर 2026। भारती निकेतन महाविद्यालय में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से शनिवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आनंद नारायण पुरोहित ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया। डॉ. पुरोहित ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके पारिवारिक और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोस में नशे की आदत से ग्रसित लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. पुरोहित ने विद्यार्थियों को नशा नहीं करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के एनसीसी एएनओ नितिन सिंह, मुकुल राज पुरोहित, तुहिनेंद्र मिश्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

062f5bb0-f2d1-4795-9893-f90a73e2f808-WcdH41IT.webpe4a78b42-2a4e-4b9f-ac3e-e7274becb1ec-KZ9E4zap.webp