श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स | 24 अक्टूबर 2026। पंचायती राज चुनाव से पहले श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव दुसारना पीपासरिया में नए परिसीमन को लेकर विरोध तेज हो गया है। कोटासर पंचायत में शामिल किए जाने से नाराज ग्रामीण शनिवार को दुसारना पंडरिकजी में धरने पर बैठ गए। ग्रामीणों ने दुसारना पीपासरिया को दुसारना पंडरिकजी में शामिल करने अथवा स्वतंत्र ग्राम पंचायत बनाने की मांग उठाते हुए मतदान के बहिष्कार का ऐलान किया और नारेबाजी की।
ग्रामीणों का कहना है कि वे नए परिसीमन के तहत किए गए पंचायत गठन का लगातार विरोध कर रहे हैं। परंतु उनकी सुनवाई नहीं की गई और अब उन्हें मतदान बहिष्कार का निर्णय लेना पड़ा है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दुर्भावना से किया गया परिसीमन गांव को मान्य नहीं है। दुसारना पीपासरिया और दुसारना पंडरिकजी आपस में सटे हुए गांव हैं, इसके बावजूद पीपासरिया को कोटासर पंचायत में शामिल कर दिया गया। ग्रामीणों ने इसे अपने साथ अन्याय बताते हुए कहा कि दुसारना पंडरिकजी का पंचायत भवन भी पीपासरिया बास की राजस्व सीमा में स्थित है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्तमान व्यवस्था के चलते उन्हें एक हस्ताक्षर संबंधी कार्य के लिए भी करीब छह किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है। उनका कहना है कि दोनों गांवों की भौगोलिक निकटता को देखते हुए पीपासरिया को दुसारना पंडरिकजी में शामिल किया जाना चाहिए या फिर अलग ग्राम पंचायत बनाई जानी चाहिए। ग्रामीणों ने मांग पूरी नहीं होने तक विरोध जारी रखने तथा मतदान नहीं करने की बात कही। चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर परिसीमन को लेकर ग्रामीणों का यह विरोध प्रशासन के लिए चुनौती बन रहा है। धरने पर सीजीराम, देदाराम, मेघाराम, सहीराम, सुरजाराम, शिवलाल, मगाराम, सोहनलाल, भागीरथ, ओमप्रकाश, हेतराम, बजरंग, रामेश्वरलाल, मालाराम नायक, मोतीनाथ, हरलाल, राजूराम, मालाराम सुथार, बाबूलाल, श्रवण सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
