श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 अक्टूबर 2026। सूडसर स्थित बालाजी धाम में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 25 अक्टूबर से दो दिवसीय मेला महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित होगा। मेले के दौरान मंदिर परिसर में अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ, बाबा का विशेष श्रृंगार, पूजा-अर्चना, भव्य जागरण और महाआरती सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 11 क्विंटल खीर का महाभोग और श्रद्धालुओं में महाप्रसाद वितरण रहेगा। पुजारी परिवार के महेश स्वामी ने बताया कि रविवार दोपहर बाद श्रीरामचरितमानस का सस्वर अखंड पाठ शुरू होगा, जो सोमवार तक चलेगा। सोमवार सुबह पुजारी रामचन्द्र स्वामी परिवार की ओर से बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा। इसके बाद ज्योत प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना होगी। इस दौरान श्रद्धालु बालाजी महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
भव्य जागरण में गूंजेंगे बालाजी के भजन
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मेला महोत्सव के तहत बाल के लाल मित्र मंडल, बीकानेर के सौजन्य से मंदिर परिसर में भव्य जागरण आयोजित होगा। इसमें बीकानेर के मुन्ना सरकार एंड पार्टी के कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भक्ति गीतों और बाबा के जयकारों से धाम का वातावरण भक्तिमय होगा। रात्रि में बाबा की महाआरती के बाद 11 क्विंटल खीर का महाभोग लगाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव में क्षेत्र सहित दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।