श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 अक्टूबर 2026। सिद्ध रुस्तम महाराज की तपोभूमि रुस्तमधोरा, आलसर में आसोज मेला संपन्न होने के बाद थार डेयरी श्रीडूंगरगढ़ की टीम ने यहां सफाई सेवा दी। डेयरी के मदन सिद्ध और उनकी पूरी टीम ने मंदिर परिसर में सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से धार्मिक स्थल के आसपास फैले प्लास्टिक और अन्य कचरे को युवाओं ने एकत्रित किया तथा श्रद्धालुओं से स्थल की स्वच्छता बनाए रखने की अपील भी की। मदन सिद्ध के नेतृत्व में टीम पिछले तीन वर्षों से मेला संपन्न होने के बाद यहां पहुंचकर सफाई सेवा कर रही है। इस बार भी सप्तमी को मेला संपन्न होते ही युवाओं ने धोरों में फैले कचरे को समेटकर स्वच्छता का संदेश दिया।
दिवंगत सूरजनाथ सिद्ध की स्मृति में सेवा
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। यह सेवा कार्य दिवंगत सूरजनाथ सिद्ध के देहावसान के बाद उनकी स्मृति में वर्ष 2024 से उनके पौत्र मदन सिद्ध द्वारा निरंतर किया जा रहा है। सिद्ध ने बताया कि रुस्तमधोरा सिद्ध संप्रदाय की प्रमुख पीठ है और मेले के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में आयोजन के बाद सफाई की आवश्यकता रहती है। डेयरी संचालक कुंभनाथ सिद्ध ने बताया कि थार डेयरी की टीम का यह प्रयास धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देता है। युवाओं ने श्रमदान के माध्यम से यह प्रेरणा दी कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखना सभी श्रद्धालुओं की सामूहिक जिम्मेदारी भी है।

