




ऋषिकुलम संस्कृत विद्यालय में एसीजेएम राठौड़ ने बताए अधिकार और सुरक्षा के उपाय।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तालुका विधिक सेवा समिति श्रीडूंगरगढ़ के तत्वावधान में क्षेत्र के ऋषिकुलम संस्कृत विद्यालय, हनुमान धोरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं एसीजेएम अजित सिंह राठौड़ ने की। उन्होंने विद्यार्थियों एवं आचार्यों को नालसा व रालसा की जनकल्याणकारी योजनाओं, नशामुक्ति एवं बाल सुरक्षा से जुड़े विषयों की जानकारी दी। बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाते हुए किसी भी असहज स्थिति में सतर्क रहने और तत्काल विश्वसनीय व्यक्ति से सहायता लेने की बात कही। कार्यक्रम में तालुका विधिक सेवा समिति के सचिव जगदीश चौधरी ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए ऋषिकुलम को आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। पीएलवी बलराम बेनीवाल ने विद्यार्थियों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 एवं नालसा टोल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में आचार्य गोविंद एवं सरदाराराम बाना ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

मदरसा रिजविया में दी कानून की जानकारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्टेशन रोड स्थित मदरसा इस्लामिया रिजविया में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में पीएलवी बलराम ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, बाल अधिकार, शिक्षा का अधिकार (RTE) एवं मौलिक कर्तव्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जरूरतमंदों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई तथा 15100 एवं 1098 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। कार्यक्रम में मदरसे के विद्यार्थी, अराकीने कमेटी के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। दोनों शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को कानून के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी रखने और आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध विधिक सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

जोधासर में ग्रामीणों को दी वित्तीय साक्षरता की जानकारी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव जोधासर में भारतीय रिजर्व बैंक और एसबीआई बैंक के संयुक्त तत्वाधान में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। आरबीआई के एलडीओ गोविंदसिंह ने ग्रामीणों को डिजिटल लेनदेन और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के अनेक उपाय बताए। उन्होंने खाते में नॉमिनी दर्ज कराने और मनी म्यूल खातों से सावधान रहने की हिदायत दी। उन्होंने महिलाओं को एटीएम कार्ड, ओटीपी व बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी। एफसी राजकुमार, एएफसी सुरेन्द्र ने पीएमसुरक्षा बीमा, जीवन ज्योति बीमा, सुकन्या समृद्धि व अटल पेंशन योजना, घरेलू बजट व बैंकिंग लोकपालप्रणाली के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी। कार्यक्रम में अनेक मौजिज ग्रामीण शामिल हुए।





