




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 अगस्त 2026। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, बादनूं की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिल सकेगी और इसके लिए अवादा फाउंडेशन ने दीर्घकालीन सहयोग का हाथ बढ़ाया है। फाउंडेशन की निदेशक त्रतु पटवारी ने स्कूल के साथ मौजिज ग्रामीणों की उपस्थिति में दो महत्वपूर्ण समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
पहला समझौता विद्यालय की अंडर-17 एवं अंडर-19 बालिका क्रिकेट टीमों के सतत विकास एवं सहयोग से जुड़ा है। इसके तहत खिलाड़ियों को खेल सामग्री, प्रशिक्षण के लिए आवश्यक सहयोग, विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए यात्रा एवं लॉजिस्टिक सहायता तथा आवश्यकता के अनुसार शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि बादनू की बालिका क्रिकेट टीम ने सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। टीम की कई खिलाड़ी उच्च स्तरीय क्रिकेट के अवसरों तक भी पहुंच चुकी हैं। ऐसे में फाउंडेशन का सहयोग ग्रामीण क्षेत्र की इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। वहीं दूसरा समझौता बादनूं के युवा धावक शिवलाल की खेल प्रतिभा को निखारने से संबंधित है। फाउंडेशन द्वारा उन्हें प्रशिक्षण, खेल सामग्री, प्रतियोगिताओं में भागीदारी, यात्रा सहित आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इस अवसर पर अवादा फाउंडेशन की निदेशक ऋतु पटवारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही अवसर, निरंतर मार्गदर्शन और विश्वास देने की है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आगे बढ़ने की भावना विकसित की जा सकती है। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ी, विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यवाहक संस्थाप्रधान गणेशाराम तरड़ ने मौजिज ग्रामीणों ने फाउंडेशन का आभार जताया।





