






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अक्टूबर 2026। अणुव्रत विश्व भारती के निर्देशन में देश भर में मनाए जा रहे अणुव्रत उदबोधन सप्ताह के तहत स्थानीय समिति 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक इकाई अध्यक्ष सुमति कुमार पारख की अगुवाई में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए एवं बुधवार को जीवन विज्ञान दिवस मनाने के साथ ही सप्ताह का भव्य समापन भी किया गया। प्रभारी चमन श्रीमाल ने बताया कि इस मौके पर संस्कार इनोवेटिव पब्लिक स्कूल, ब्राइट फ्युचर स्कूल, जयपुर पब्लिक स्कूल, बाल निकेतन स्कूल, महाराणा प्रताप पब्लिक स्कूल, श्रीडूंगरगढ़ पब्लिक स्कूल के 500 से ज्यादा विद्यार्थी तेरापंथ सेवाकेन्द्र पहुंचें। जहां इन बच्चों को अणुव्रत के बारे में जानकारी देते हुए विभिन्न जीवन विज्ञान प्रयोग करवाए गए व नशामुक्त होकर जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी गई। कार्यक्रम में सानिध्य देते हुए साध्वीश्री लक्ष्यप्रभा ने महाप्राण ध्वनि, कान खींचना, बुद्धि विकास, भाव-जागरण आदि जीवन विज्ञान प्रयोग करवाए एवं आचार्यश्री तुलसी के जीवन प्रसंगों को उल्लेखित करते हुए संयम, अनुशासन, आत्मविकास की प्रेरणा दी। साध्वीश्री ने कहा कि जीवन में परिवर्तन केवल विचारों को सुनने से नहीं बल्कि उन विचारों को व्यवहार में उतारने से आता है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे उपखण्ड अधिकारी झंवरलाल मित्तल ने विद्यार्थियों को पंच महाव्रतों के बारे में जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने एवं अपनी क्षमता को पहचानते हुए अणुव्रतों एवं संकल्पों से जीवन को प्रभावशाली बनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की शुरूआत बेला देवी के मंगलाचरण से हुई एवं महिला मंडल, कन्या मंडल द्वारा लघू नाटिका द्वारा ऑनलाई खरीददारी के नशे के दुष्प्रभावों से बचने की प्रेरणा दी गई। कार्यक्रम में आपणों गाँव सेवा समिति के शूरवीर मोदी ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया और बच्चों से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। मंत्री रणवीरसिंह खीची ने स्वागत भाषण देते हुए सप्ताह की गतिविधियों के बारे में बताया एवं संरक्षक विजयराज सेठिया ने आभार जताया। कार्यक्रम आयोजन में अध्यक्ष सुमति कुमार पारख द्वारा अतिथियों का अणुव्रत दुपट्टा एवं साहित्य से सम्मान किया गया व जैन सभा मंत्री प्रदीप पुगलिया, अणुव्रत समिति उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी, केएल जैन, अशोक झाबक, शुभकरण पारीक, विमल भाटी, सजंय पारीक, राजीव श्रीवास्तव, मुकेश स्वामी, अनिल धायल आदि सक्रिय रहे। साध्वीश्री के मंगलपाठ से समापन हुए कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साह से नशामुक्ति, नैतिकता सहित अणुव्रतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।








