







श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जून 2026। सामाजिक सरोकारों एवं जनहित कार्यों में सदैव अग्रणी रहने वाले प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी के.एल. जैन (नई दिल्ली) के आर्थिक सहयोग से मोमासर गौड़ विप्र समाज के अतिथि भवन का विस्तार किया जाएगा। लगभग 61 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भवन के प्रथम तल के निर्माण की स्वीकृति जैन ने प्रदान कर दी है, जिससे क्षेत्र के सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी।
गौड़ विप्र समाज के अध्यक्ष विद्याधर शर्मा ने बताया कि रविवार को समाज का सात सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल उनके नेतृत्व में नई दिल्ली में के.एल. जैन से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने अतिथि भवन के विस्तार की आवश्यकता से अवगत कराया, जिस पर जैन ने समाजहित में उदारतापूर्वक सहयोग देने की सहमति प्रदान की। उल्लेखनीय है कि के.एल. जैन लंबे समय से विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय योगदान देते रहे हैं। शिक्षा, समाज सेवा तथा सामुदायिक विकास से जुड़े अनेक कार्यों में उनका सहयोग प्रेरणादायी माना जाता है।
समाज की बैठक में जैन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही भवन निर्माण समिति का गठन कर निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारम्भ करने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष विद्याधर शर्मा ने बताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद मोमासर गांव को एक आधुनिक एवं विशाल समाज भवन की सौगात मिलेगी। भवन में भव्य बैंक्वेट हॉल, सुसज्जित अतिथि कक्ष तथा विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल समाज के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि गांव में होने वाले सामुदायिक कार्यक्रमों को भी नया आयाम प्राप्त होगा।



