







श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जून 2026। राजस्थान जीव-जंतु कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष जसवंत सिंह बिश्नोई मंगलवार को श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत जोधासर के गांव झंझेऊ पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र के आस्था केंद्र चिल्लाय माता मंदिर में दर्शन कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। विशेष संपर्क अभियान के तहत बिश्नोई ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं व सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आमजन को इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। संवाद के दौरान पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा एवं गोशालाओं की व्यवस्थाओं सहित विभिन्न सामाजिक और संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई। बिश्नोई ने ग्रामीणों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा नेता कोजूराम सारस्वत, आईटी जिला संयोजक सुरेंद्र स्वामी, सरपंच प्रतिनिधि भंवरसिंह तंवर, भागीरथ सिंह तंवर, डूंगरनाथ, कुशाल महाराज, लाधूसिंह, कल्याण सिंह सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



