June 21, 2026
WhatsApp Image 2026-06-21 at 13.37.54

पूनरासर में आयोजित हुए योग दिवस कार्यक्रम में 327 लोग हुए शामिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर के प्रसिद्ध हनुमानजी मंदिर प्रांगण में योग दिवस पर सुबह 6 बजे से 8 बजे के बीच उत्साह के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। यहां कार्यक्रम में 327 ग्रामीण, युवा व छात्रों सहित विभिन्न विभागों के कार्मिक शामिल हुए। कार्यक्रम में डॉ जगदीश चौधरी ने योग का महत्व बताते हुए स्वस्थ जीवन के लिए नियमित योग अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में नायब तहसीलदार सुरजीत धायल ने योग की अलख घर घर जगाने और जागरूकता के साथ योग अपनाए जाने की बात कही। मंच पर योग प्रशिक्षक विनोद कुमार के निर्देशन में योग प्रोटोकॉल के तहत राजकीय आयुर्वेद योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा महाविद्यालय बीकानेर के विद्यार्थी कृश, टीना व प्रज्ञा ने योगाभ्यास करवाया। कार्यक्रम में ओमप्रकाश पटवारी, प्रधानाचार्य श्रीमती ऊषा, पूनरासर हनुमानजी मन्दिर पुजारी ट्रस्ट के निर्मल कुमार, पूनरासर हनुमानजी ट्रस्ट (कोलकाता) के बजरंगलाल शर्मा, सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

शहीद हेमू कालाणी पार्क के योग कार्यकम में भुंवाल का किया सम्मान, फल वितरण किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहीद हेमू कालाणी पार्क में रविवार सुबह उत्साह के साथ योग दिवस मनाया गया। सक्रिय युवा रवि रिझवानी ने बताया कि अनुराधा काया कल्प के योग शिक्षक ओमप्रकाश भुंवाल ने योगाभ्यास करवाया। भुवांल ने योग आसन व प्राणायाम के बारे में अनेक जानकारी देते हुए योग को मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जीवन में आवश्यक रूप से शामिल करने की प्रेरणा दी। भुंवाल ने वर्तमान समय में खान पान पर भी विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत के बारे में जानकारी दी। सिंधी पंचायत अध्यक्ष श्रवण कुमार गुरनाणी ने भुंवाल का शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में कॉलोनी के 50 से अधिक पुरूष महिलाएं व बच्चे शामिल हुए। यहां 16 मई से आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम आज संपन्न हुआ। कार्यक्रम के बाद सभी को फल वितरण किया गया। भुंवाल ने भी बच्चे साहिबा, अनन्या, वंशिका, वान्या को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया।