






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अक्टूबर 2026। माकपा पंचायती राज चुनावों को लेकर खासी सक्रिय है और एक पंचायत समिति सदस्य के प्रत्याशी की घोषणा के बाद शुक्रवार को जिला परिषद सदस्य के पहले प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। माकपा तहसील सचिव मुखराम गोदारा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला परिषद के वार्ड संख्या 35 से भगवती देवी को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। ये महिला सीट आरक्षित होने के बाद पार्टी ने युवा नेता कॉमरेड मुकेश ज्याणी की माता भगवती देवी को उम्मीदवार बनाया गया है। जिला परिषद वार्ड संख्या 35 में ग्राम पंचायत लिखमादेसर, ठुकरियासर, सत्तासर, रेवाड़ा, लालासर, मोमासर, आड़सर, लाखनसर और उदासर चारणान शामिल हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने भगवती देवी को मजबूती से चुनाव लड़ने की बात कही। विदित रहें पंचायत आम चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद के सभी 41 वार्डों के लिए नामांकन 8 अक्टूबर से 13 अक्टूबर तक भरे जाने हैं। नामांकन के पहले दिन गुरूवार को एक भी नामाकंन नहीं भरा गया। जिला परिषद सदस्यों के लिए जिले भर से उम्मीदवार 13 अक्टूबर तक अपना नामांकन बीकानेर जाकर दे सकेंगे।






