






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अक्टूबर 2026। विवाह के 27 साल बाद एक विवाहिता ने थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना के आरोप में मामला दर्ज करवाया है।
श्रीडूंगरगढ़ थाने में कितासर भाटियान निवासी पतासी देवी पुत्री दिवंगत मंशाराम बावरी ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह करीब 27 साल पहले आलसरबास, रतनगढ़ निवासी मूलाराम बावरी के साथ हुआ। विवाह के समय पीहर पक्ष ने हैसियत से बढ़कर गहने व सामान दिया। आरापी विवाह के कुछ समय बाद से ही एक गाय, दो लाख नगदी, सोने के गहने पीहर से लाकर देने की बात पर मारपीट करने लगा। पीड़िता ने चार संतानो को जन्म दिया व दो पुत्रियों का विवाह कर दिया, जिसका खर्च भी पीहर पक्ष ने उठाया। 23 अगस्त 2026 को आरोपी ने उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की और उसके शोर मचाने पर उसके पुत्र ने छुड़वाया। आरोपी ने उसके पुत्र को पीटा व दोनों को जबरन धक्के देकर घर से निकाल दिया। उसकी माता सहित परिजनों ने आरोपी से गांव जाकर उससे समझाईश कर घर बसाने का आग्रह किया। आरोपी ने उन्हें बेईज्जत कर घर से निकाल दिया। 26 अगस्त की सुबह आरोपी पीहर आया और सामान देने की मांग की। पीड़िता के असमर्थता जताने पर आरोपी ने धक्कामुक्की शुरू कर दी। बेटे ने स्त्रीधन की मांग की पर आरोपी ने मना कर दिया। पीड़िता ने कहा कि आरोपी ने दहेज की मांग पूरी करने के लिए उसका जीना हराम कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई मोहनलाल को सौंप दी है।






