






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अक्टूबर 2026। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 2026-27 सत्र से कक्षा 10वीं के लिए दो बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्था की घोषणा की है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की मंशा के अनुरूप बोर्ड ने आदेश जारी कर माध्यमिक स्तर की परीक्षाएं एवं प्रवेशिका परीक्षाएं एक ही शैक्षणिक सत्र में दो बार आयोजित किए जाने की बात कही है।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर ने बताया कि पहली परीक्षा फरवरी मार्च में होगी तथा द्वितीय बोर्ड परीक्षा (सुधारात्मक परीक्षा) मई माह में आयोजित की जाएगी। पहली बोर्ड परीक्षा सभी विद्यार्थियों के लिए अनिवार्य होगी। इसके बाद जो विद्यार्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, उन्हें दूसरी परीक्षा में शामिल होकर अधिकतम तीन विषयों में अपने अंक सुधारने का मौका मिलेगा।
बता देवें इसका सबसे बड़ा फायदा उन विद्यार्थियों को हो सकता है जिनका पेपर परीक्षा तनाव, बीमारी या किसी अप्रत्याशित कारण से खराब हो जाता है। माध्यमिक स्तर पर अब किसी भी परीक्षार्थी की अंकतालिका में पूरक अथवा अनुत्तीर्ण नहीं लिखा जाएगा। वहीं प्रवेशिका परीक्षाओं की पूरक परीक्षा लिए जाने की व्यवसथा को समाप्त कर दिया गया है। मुख्य परीक्षा में अधिकतम दो विषयों में न्यूनतम उत्तीर्णांक से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को भी कक्षा 11 में अस्थायी प्रवेश दिया जा सकेगा और द्वितीय बोर्ड परीक्षा में सुधारात्मक परीक्षा के परिणाम के आधार पर उनका प्रवेश स्थायी किया जाएगा।






