






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अक्टूबर 2026। सरकारी स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था को आधुनिक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में श्रीडूंगरगढ़ में महत्वपूर्ण पहल की गई है। शिक्षा विभाग एवं पीरामल फाउंडेशन के तत्वावधान में रूपादेवी मोहता राउमावि में आयोजित दो दिवसीय एआई कार्यशाला में ब्लॉक के 200 माध्यमिक शिक्षकों को माइक्रोसॉफ्ट को-पायलट का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान शिक्षकों को एआई लाइसेंस एवं आईडी भी प्रदान की गई। कार्यशाला में शिक्षकों ने सीखा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से किस तरह कम समय में प्रभावी लेसन प्लान तैयार किए जा सकते हैं। इसके साथ ही नवाचारी शिक्षण सामग्री तैयार करने, विद्यार्थियों के लिए रोचक गतिविधियां विकसित करने और डिजिटल माध्यम से मूल्यांकन करने के तरीके भी सिखाए गए। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को तकनीक से जोड़कर कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी, सरल और रोचक बनाना रहा।
मास्टर फैसिलिटेटर किशन शर्मा ने शिक्षण कार्य में माइक्रोसॉफ्ट को-पायलट के उपयोग, उसकी उपयोगिता और अपने अनुभव साझा किए। वहीं पीरामल फाउंडेशन के कपिल शर्मा, सूर्यप्रकाश एवं गोविंद रामावत ने तकनीकी सत्रों का संचालन करते हुए शिक्षकों को प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया। कार्यशाला का आयोजन सीबीईओ सरोज पूनिया के मार्गदर्शन एवं एसीबीईओ अशोक चुग के सहयोग से किया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को डिजिटल शिक्षा के नए तरीकों से परिचित करवाते हुए विद्यालयों में तकनीक के प्रभावी उपयोग के लिए प्रेरित किया गया।







