






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 19 जुलाई 2026। बूस्टर चलाते समय पैर फिसलने से एक 30 वर्षीय युवक डिग्गी में गिर गया व डूबने से उसकी मौत हो गई।
सेरूणा थाना क्षेत्र के गांव देराजसर की रोही में एक कृषि कुंए पर शनिवार दोपहर अपने खेत में पानी देने के लिए बूस्टर में पानी भरने गए युवक राकेश पुत्र गिरधारीदास स्वामी का पैर फिसल गया। युवक डिग्गी में जा गिरा और डूबने से उसकी मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आषाढ़ नवमी को युवक के चचेरी बहनों का विवाह भी होना तय था और परिवार विवाह की तैयारियों में जुटा था। ऐसे में इस दु:खद घटना ने शहनाई का माहौल मातम में बदल दिया। मृतक के परिजनों की सूचना पर एएसआई पूर्णमल ने मौके पर पहुंच कर शव को उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक के चचेरे भाई इंद्रदास पुत्र रामदास ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए मर्ग दर्ज करवाई। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवा, परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।









