






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम-2026 का आयोजन कॉमर्स कॉलेज, जयपुर में किया गया। कार्यक्रम का प्रदेशभर में सीधा प्रसारण किया गया तथा टू-वे कम्युनिकेशन के माध्यम से प्रदेश की महिलाओं से संवाद किया गया। इसी क्रम में श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक में राजीविका के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी करीब 300 से अधिक समूह सदस्यों ने सहभागिता निभाई। श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति परिसर में आयोजित ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में राजीविका के ब्लॉक परियोजना प्रबंधक रघुनाथ डूडी, महिला एवं बाल विकास विभाग की महिला सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, बेटी पढ़ाओ सीएलएफ, प्रगति सीएलएफ एवं शक्ति सीएलएफ के पदाधिकारीगण तथा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी स्क्रीन पर नारी शक्ति सम्मेलन का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने राजीविका के माध्यम से मिल रहे सहयोग तथा विभिन्न आजीविका गतिविधियों से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव भी साझा किए। कार्यक्रम में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और आजीविका संवर्धन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।




