October 3, 2026
02

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 अक्टूबर 2026। अणुव्रत उद्धबोधन सप्ताह के तीसरे दिन शनिवार को सांप्रदायिक सौहार्द दिवस मनाया गया। अणुव्रत विश्व भारती के निर्देशन में देशभर में आयोजित हो रहे सप्ताह के तहत श्रीडूंगरगढ़ अणुव्रत समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में साध्वीश्री लक्ष्यप्रभा ने सांप्रदायिक सौहार्द को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया। साध्वी ने आचार्य श्रीतुलसी द्वारा प्रतिपादित अणुव्रत के नियमों में सांप्रदायिक सौहार्द के महत्व को स्पष्ट करते हुए सर्वधर्म सम्मान की भावना को मुखरता से रखा। उन्होंने सभी धर्मों के प्रति सम्मान रखते हुए अणुव्रत के सांप्रदायिक सौहार्द सहित सभी नियमों की पालना करने की प्रेरणा दी। इस दौरान साध्वीश्री ने अणुव्रत गीतिका का संगान भी किया। आयोजन प्रभारी तुलछीराम चोरड़िया ने बताया कि कार्यक्रम में सत्यदीप भोजक, महावीर प्रसाद माली, विमल भाटी, प्रदीप पुगलिया, एडवोकेट अनिल धायल, सत्यनारायण स्वामी एवं चमन श्रीमाल ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन केएल जैन ने किया, जबकि समिति मंत्री एडवोकेट रणवीर सिंह खीची ने आभार जताया। इस अवसर पर अणुव्रत समिति कार्यसमिति सदस्य विजयराज सेठिया, संजय पारीक, विशाल स्वामी, मुकेश स्वामी, अशोक झाबक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सप्ताह के तहत 4 अक्टूबर को पर्यावरण दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 5:30 बजे गांधी पार्क से नेशनल हाईवे बाईपास स्थित अणुव्रत सर्किल तक मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा।