






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 जनवरी 2025। गांव जालबसर में एक भूखंड पर कब्जे के विवाद में दो पक्ष थाने पहुंच गए है। विवाद में गत दिनों एक जने को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया। बुधवार को उसकी पत्नी ने थाने पहुंचकर 6 जनों के खिलाफ आरोप लगाए है। चूनादेवी पत्नी टोडरराम जाट ने पुलिस को बताया कि गांव जालबसर में उनका एक पुश्तैनी भूखंड है और इसी भूखंड के संबंध में इसी गांव के राजूराम धतरवाल, हड़मानाराम धतरवाल, धर्मपाल बागड़वा, निमाराम लूखा, रूपाराम पुत्र कोजूराम धतरवाल, बेगराज पुत्र रजीराम लूखा व अन्य ग्रामीण मिलकर उसे व उसके परिवार को तंग परेशान करते है। आरोपियों ने उसके पति को झूठी शिकायत कर शांतिभंग में गिरफ्तार करवाया। 24 जनवरी को वह अपने पति की पैरवी व जमानत के लिए घर से रवाना हो रही थी तभी दोपहर करीब 3 बजे आरोपी लाठिया व सरिया लेकर जबरदस्ती उसके घर में घुसे। आरोपियों ने गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट करते हुए लज्जाभंग की और बाड़ा जबरन हथियाकर उसे गांव में नहीं रहने देने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।




