






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 जून 2026। आज 12 जून से 15 जुलाई तक प्रदेश के शहरों व गांवो में सेवा शिविरों का आयोजन किया जाना है। नगरपालिका श्रीडूंगरगढ़ गुड़ में हांडी फोड़ने जैसे ही सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन करने के लिए कुख्यात रही है। वहीं आज कस्बे के वार्ड नबंर एक व दो के लिए नगरपालिका परिसर में सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें नोडल अधिकारी अधिशाषी अधिकारी श्रीवर्द्धन शर्मा है। वहीं शिविर प्रभारी पालिका के कनिष्ठ लेखाकार महेशचंद तथा सहप्रभारी विरष्ठ सहायक हरीश गुर्जर है। इन शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान करना है।
शिविर में ये काम करने के निर्देश।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शिविरों में पट्टे जारी करने, भूमि रूपांतरण, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने सहित आमजन से जुड़ी विभिन्न शिकायतों का निस्तारण प्रशासन को करना है। इस बार इन शिविरों में पट्टे फ्री होल्ड और नियमन में राहत दी गई है। नागरिकों को आवेदन के दिन ही पट्टा जारी करने के निर्देश जारी किए गए है। इसके साथ मौका निरीक्षण की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है।जबकि आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि को भी 15 दिन से घटाकर 7 दिन कर दी गई है। इसमें कृषि भूमि पर विकसित कॉलोनियों को नियमन का लाभ मिलने की उम्मीदे जताई गई है। वहीं राज्य सरकार ने स्टाम्प शुल्क और अतिरिक्त प्रीमियम में 100 प्रतिशत तक की छूट देने का प्रावधान किया है। पुरानी लीज राशि एकमुश्त जमा कराने पर ब्याज में भी 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। नामांतरण शुल्क में 50 प्रतिशत तक और भू उपयोग परिवर्तन, उप विभाजन और पुनर्गठन शुल्क में 25 से 75 प्रतिशत तक राहत दी गई है। शिविर में अधिकांश आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे। प्रत्येक शिविर में हेल्प डेस्क, ई मित्र, नोटरी, स्टाम्प वेंडर और डीडी राइअर की व्यवस्था भी की जाएगी। शिविरों में जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीकरण, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस, सीवर कनेक्शन, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, फ्रीहोल्ड, लीज मुक्ति, भू-उपयोग परिवर्तन, उप-विभाजन और पुनर्गठन सहित अलग-अलग सेवाओं का निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क, नाली, सीवर, स्ट्रीट लाइट, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों के रखरखाव, आवारा पशुओं की धरपकड़, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री निशुल्क बिजली योजना, कुसुम योजना और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
किसकी समस्या का करेंगे निस्तारण.? वार्डवासियों को सूचना ही नहीं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वार्ड एक के पार्षद प्रतिनिधि बुधाराम ने बताया उन्हें शिविर संबंधी कोई सूचना नहीं है। वहीं वार्ड के नानूराम ने बताया कि वार्डवासियों को किसी प्रकार के शिविर की सूचना ही नहीं दी गई है। वार्ड 2 में जागरूक व सक्रिय नागरिक डूंगरराम महिया ने जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड में किसी को शिविर के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। दोनों वार्डों के नागरिक बिना जानकारी के किसकी समस्याएं हल करेंगे, की बात कह रहें है। कल वार्ड 3 व 4 के लोगों के लिए शिविर का आयोजन होगा। वहीं 15 जून 2026 को पांच व छह के लोगों के लिए शिविर का आयोजन होगा।
तहसीलदार को लगाया ग्रामीण कैंपो में, यहां शिविर सुनसान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहरी सेवा शिविर का प्रभारी ईओ का चार्ज मिले तहसीलदार श्रीवर्द्धन शर्मा को बनाया गया है। वहीं शर्मा की ड्यूटी ग्रामीण शिविरों में लगाई गई है। पालिका में शिविर में सुनसान पड़ा है और यहां कार्य कैसे होंगे इसमें भी संशय ही है।






