






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 जुलाई 2026। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के विद्यार्थियों में पठन संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार ब्लॉक ‘रीडिंग प्रमोशन कैंपेन’ का 29 जुलाई को प्रातः 11 बजे गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शुरू किया जाएगा। यह अभियान 16 जनवरी 2027 तक विभिन्न चरणों में संचालित होगा। ब्लॉक शिक्षा कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के तहत विद्यार्थियों में नियमित पढ़ने की आदत विकसित करने, उनकी कल्पनाशक्ति, रचनात्मकता, तार्किक सोच तथा धाराप्रवाह पठन कौशल को बढ़ावा देने के लिए वर्षभर विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही मेगा पीटीएम एवं कहानी मेलों के माध्यम से अभिभावकों और शिक्षकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के तहत 29 जुलाई को विद्यालयों में ‘रीड ए थॉन’ का आयोजन होगा। इसके बाद 8 सितंबर को विश्व साक्षरता दिवस पर स्टोरी मेला, कहानी कथन एवं लेखन प्रतियोगिता तथा पठन उत्सव आयोजित किए जाएंगे। 21 नवंबर को मेगा पीटीएम के दौरान पठन प्रतियोगिता एवं विद्यार्थियों की गतिविधियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जबकि 16 जनवरी 2027 को निपुण मेले के साथ अभियान का समापन होगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विद्यालय समय के सातवें कालांश को विशेष रूप से रीडिंग गतिविधियों के लिए निर्धारित किया गया है। इस अवधि में शिक्षक विद्यार्थियों के पठन कौशल के विकास के लिए नियमित रूप से विभिन्न गतिविधियों का संचालन करेंगे।




